पुलिस के गलत ट्रैफिक प्लान से चौपट हुआ नैनीताल का पर्यटन व्यवसाय, कारोबारियों की बड़ी चिंता, शिष्ट मंडल शीघ्र सीएम पुष्कर धामी से करेगा मुलाकात, होटल एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने की पत्रकार वार्ता

नैनीताल। होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन ने नैनीताल और आसपास के पर्यटन क्षेत्र में लगातार गिरते पर्यटन के लिए नैनीताल की पुलिस को जिम्मेदार ठहराया है। पर्यटकों के लिए ट्रैफिक व्यवस्था में खाकी की वजह से नैनीताल का पर्यटन गिर रहा है उनके गलत ट्रैफिक प्लान के चलते पर्यटन सीजन ठप हो गया है। जिस कारण पर्यटक से जुड़े कारोबारियों की चिंता बढ़ गई है।
नैनीताल होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष दिग्विजय सिंह बिष्ट ने पत्रकार वार्ता के दौरान कहा कि पर्यटन व्यवसाय के लगातार गिरने से होटल कारोबारियों की चिंता और बढ़ गई है। कहा अगर ऐसे ही पुलिस प्रशासन का रवैया रहा तो आने वाले सीजन में पर्यटन को काफी नुकसान होने की संभावना रहेगी। उन्होंने कहा कि शीघ्र संगठन के प्रतिनिधियों का एक शिष्टमंडल प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर इस संद्रर्भ में वार्ता की जाएगी। उन्होंने कहा इस समय पूरे प्रदेश का पर्यटन गलत पुलिसिंग के चलते लगभग 50 प्रतिशत रह गया है। श्री बिष्ट ने कहा कि 31st को तो पुलिस की गलत ट्रैफिक प्लान के चलते पर्यटकों ने नैनीताल में न्यू ईयर मनाने से मुंह मोड़ लिया था। जिससे शहर की पार्किंग खाली रही और होटल खाली रहे। जबकि सरकार प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए प्रचार प्रसार कर रही है। लेकिन पुलिस द्वारा गलत ट्रैफिक प्लान जारी कर प्रदेश का पर्यटन समाप्त करने पर तुली हुई है। प्रदेश के अधिकतर शहर पर्यटन पर ही निर्भर है। एसोसिएशन के अध्यक्ष दिग्विजय बिष्ट ने बताया कि नैनीताल में 400 से अधिक होटल और होम स्टे पंजीकृत हैं, इतने ही अपंजीकृत हैं। जो पर्यटकों से अधिक रेट वसूल करते हैं और ना ही कोई राजस्व सरकार को देते हैं। कहा शहर में अवैध चल रहे होटल और होम स्टे तथा गेस्ट हाउस पर प्रशासन की टीम द्वारा जांच कर उचित कार्यवाही की जाऐ। उन्होंने कहा कि पर्यटन गिरने का एक मुख्य कारण नगर पालिका द्वारा पार्किंग के रेट 500 और लेक ब्रिज टोल 300 होने से पर्यटकों पर बोझ पड़ गया है। जिससे पर्यटक नैनीताल कम आ रहे हैं। इस मौके पर होटल एसोसिएशन के महासचिव वेद साह, उपाध्यक्ष आलोक साह, कोषाध्यक्ष सी.पी.भट्ट, उप सचिव स्नेह छाबड़ा, रुचिर साह, आलोक साह, रमनजीत सिंह, जतिन जेठी मौजूद रहे l






