तल्लीताल व्यापार मंडल के चुनाव होंगे रोचक, पिछले चुनाव में 425 व्यपारियों का था पंजीकरण इस बार सख्ती करने पर मात्र 235 व्यापारियों का ही हुआ पंजीकरण,

नैनीताल। प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल से सम्बद्ध तल्लीताल व्यापार मंडल इकाई के प्रस्तावित चुनाव इस बार काफी रोचक होने वाले हैं। सदस्यता के लिए प्रांतीय स्तर पर बनाए गए संगठनातक नियमों पर सख्ती से अमल के चलते कई दावेदार चुनावी दौड़ से बाहर हो गए हैं तो कई बगले झांक रहे हैं। एक जनवरी से सदस्यता की अंतिम तिथि 11 जनवरी तक चले सदस्यता अभियान में कुल 235 पंजीकरण हुए हैं। जबकि बीते व्यापार मंडल के चुनाव में सदस्यों की संख्या लगभग 425 से अधिक थी।
बता दें कि प्रांतीय नेतृत्व के दिशानिर्देशों पर जिलाध्यक्ष विपिन गुप्ता व महासचिव हर्षवर्धन पांडे ने सदस्यता अभियान प्रभारी को सदस्यता की जिम्मेदारी सौंपकर चुनाव का ऐलान कर दिया। इधर व्यापार मंडल व सदस्यता प्रभारी व सहयोगियों की बैठक में सदस्यता के लिए जीएसटी पंजीकरण, फूड सेफ्टी लाइसेंस, उद्यम आधार, श्रम विभाग पंजीकरण, फर्म का बिजली का व्यावसायिक बिल, किराया अनुबंध, फर्म के चालू खाते के आधार पर सदस्य बनाना तय हुआ। सदस्यता अभियान प्रभारी अंचल पंत ने सहयोगी टीम के साथ एक जनवरी से 11 जनवरी तक नव ज्योति क्लब प्रांगण में सदस्यता अभियान चलाना तय किया, जिसमें अंतिम दिन 235 पंजीकरण हुए।
ऐसे में संबंधित दस्तावेज न रखने वाले, अतिक्रमण कर अवैध रूप से काबिज सदस्यता से बाहर हो गए। इनमें से कुछ पूर्व के पदाधिकारी रहे तथा वर्तमान में दावेदारी करने वाले लोग भी चुनावी दौड़ से बाहर हो गए। अवैध सदस्यों की कमी से कुछ दावेदारों का गणित भी गड़बड़ा गया है। दावेदारों के गठजोड़, नुक्कड़ बैठकों आदि से चुनाव के रोचक होने की उम्मीद है। सदस्यता टीम में वासु साह, प्रतीक साह, आयुष भंडारी, हरीश छावड़ा, घनश्याम बेलवाल, पार्थ साह शामिल हैं।
…..









