एरीज में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस कार्यक्रम 27 व 28 फरवरी को सार्वजनिक रूप से खुली होगी वेधशाला
27 फरवरी को स्कूल और महाविद्यालय के विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए एरीज
“ओपन डे” रहेगा,
28 को आम जनता के लिए सार्वजनिक “ओपन डे” रहेगा,
एरीज दे रहा अन्य सुविधा पढ़े पूरी खबर

नैनीताल। रामन प्रभाव की खोज के उपलक्ष्य में हर वर्ष 28 फरवरी को राष्ट्रीय विज्ञान दिवस मनाया जाता है। महान वैज्ञानिक भारत रत्न सी. वी. रामन ने सन 1928 में रामन प्रभाव की खोज की थी, जिसके लिए उन्हें 1930 के भौतिकी के नोबेल पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।
मनोरा पीक, नैनीताल स्थित आर्यभट्ट प्रेक्षण विज्ञान शोध संस्थान (एरीज) में 27-28 फरवरी को सुबह 10:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक राष्ट्रीय विज्ञान दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया है। एरीज में शुक्रवार 27 फरवरी को विद्यालयों तथा महाविद्यालयों के लिए “ओपन डे” है, जिसमें शिक्षक और विद्यार्थी प्रतिभाग कर सकते हैं। शनिवार 28 फरवरी को आम जनता के लिए सार्वजनिक “ओपन डे” कार्यक्रम आयोजित किया गया है।

अन्य दिनों के विपरीत, इन दिनों पर किसी प्रकार के पूर्व पंजीकरण या नामांकन की आवश्यकता नहीं होगी। साथ ही प्रवेश भी नि:शुल्क होगा।
एरीज के विज्ञान केंद्र के प्रभारी डॉ वीरेंद्र यादव ने बताया कि ओपन डे के अंतर्गत एरीज ने कई रोचक गतिविधियाँ आयोजित की हैं जिनमें वेधशाला का भ्रमण, दूरबीन से सूर्य के धब्बे देखना, देवस्थल स्थित भारत की सबसे बड़ी दूरबीन 3.6 मीटर देवस्थल ऑप्टिकल टेलीस्कोप और 4 मीटर अंतर्राष्ट्रीय तरल दर्पण टेलीस्कोप के बारे में जानकारी, तारामंडल शो, वैज्ञानिकों से बातचीत, विज्ञान के माॅडल की प्रदर्शनी इत्यादि शामिल हैं।
28 फरवरी को सूर्यास्त के बाद शाम 6:45 बजे से दूरबीन के माध्यम से चंद्रमा के गड्ढे, बृहस्पति तथा अन्य खगोलीय पिंड भी दिखाए जाएंगे।
शनिवार 28 फरवरी को जनता की सुविधा के लिए पहले आओ पहले पाओ (first come first serve) आधार पर एरीज जाने के लिए नैनीताल बस स्टैन्ड के पास से सुबह 10:00 बजे (वापसी दोपहर 1:00 बजे) एवं दोपहर 2:00 बजे (वापसी शाम 5:00 बजे) एरीज की निःशुल्क बस सेवा की व्यवस्था भी की गई है। लोग अपने निजी वाहन से भी एरीज आ सकते हैं।









