भीमताल विधानसभा सीट से कांग्रेस नेता गोपाल बिष्ट ने ठोकी दावेदारी, बोले2027 में कांग्रेस को सत्ता में लाना लक्ष्य

नैनीताल। कांग्रेस के पीसीसी सदस्य गोपाल सिंह बिष्ट ने भीमताल विधानसभा सीट से अपनी प्रबल दावेदारी पेश की है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में भी उन्होंने टिकट की मजबूत दावेदारी की थी, लेकिन टिकट नहीं मिलने के बावजूद उन्होंने पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ पार्टी उम्मीदवार और संगठन के लिए काम किया। बिष्ट ने बताया कि वे वर्ष 1989 में एनएसयूआई के नैनीताल नगर अध्यक्ष बने थे। पिछले 35-40 वर्षों से कांग्रेस पार्टी के प्रति समर्पित हैं। उन्होंने जिला और प्रदेश कांग्रेस में विभिन्न पदों पर जिम्मेदारी निभाई है। इसके अलावा वे यूसीएफ के प्रदेश उपाध्यक्ष, सहकारी बैंक के
निदेशक और धारी ब्लॉक के ज्येष्ठ प्रमुख भी रह चुके हैं। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी तल्ली दीनी क्षेत्र से दो बार जिला पंचायत सदस्य रह चुकी हैं। हाल ही में जिला पंचायत अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद की दावेदारी भी उन्होंने की थी, लेकिन पार्टी के निर्देश पर उन्हें पीछे हटना पड़ा। स्वतंत्रता सेनानी और उत्तर प्रदेश सरकार में वन मंत्री रहे वरिष्ठ कांग्रेसी नेता डूंगर सिंह बिष्ट के पुत्र गोपाल सिंह बिष्ट ने कहा कि वे केवल पार्टी
में अपना अधिकार मांग रहे हैं। हाल ही में कांग्रेस में शामिल हुए लाखन सिंह नेगी का स्वागत करते हुए बिष्ट ने कहा कि नए साथियों को चुनाव लड़ने से पहले कांग्रेस की विचारधारा को समझना चाहिए। उन्होंने स्थानीय भाजपा विधायक पर तंज कसते हुए कहा कि पार्टी के अपने कार्यकर्ता भी उनसे संतुष्ट नहीं हैं। बिष्ट ने दोहराया कि उनका मुख्य लक्ष्य वर्ष 2027 में कांग्रेस को सत्ता में लाना है।









