नैनीताल में महिलाओं के विरुद्ध हिंसा के खिलाफनिकली वॉकथॉन रैली,नुक्कड़ नाटक और छोलिया नृत्य रहे आकर्षण का केंद्र ।

नैनीताल। ऑल इंडिया विमेंस कॉन्फ्रेंस के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में रविवार, को नैनीताल शाखा द्वारा ‘महिलाओं के विरुद्ध शून्य हिंसा’ थीम पर एक वॉकथॉन रैली निकाली गई । जो फ्लैट मैदान से शुरू होकर माल रोड में पुस्तकालय के समीप सम्पन्न हुई ।कार्यक्रम में बी डी पांडे अस्पताल की मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. द्रौपदी गर्ब्याल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। रैली में विभिन्न विद्यालयों के लगभग 250 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर महिला सुरक्षा और सम्मान का संदेश दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत में परिषद की अध्यक्ष मुन्नी तिवारी व सचिव प्रीति शर्मा ने मुख्य अतिथि एवं समस्त आगंतुकों का स्वागत किया। इस अवसर पर परिषद की स्थायी समिति सदस्य एडवोकेट मंजू कोटलिया ने अपने संबोधन में कहा कि संस्था विगत 100 वर्षों से महिलाओं के अधिकारों, शिक्षा और सुरक्षा के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि शताब्दी वर्ष के इस महत्वपूर्ण अवसर पर संस्था ने यह दृढ़ संकल्प लिया है कि समाज में महिलाओं के विरुद्ध किसी भी प्रकार की हिंसा को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
रैली एवं कार्यक्रम के दौरान आयोजित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। कुमाऊं विश्वविद्यालय के (आईटेप) बी.एड. संकाय के छात्र-छात्राओं ने ‘महिलाओं के विरुद्ध हिंसा’ विषय पर आधारित एक प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया, जिसने उपस्थित जनसमूह को गंभीरता से सोचने पर मजबूर कर दिया। वहीं, भारतीय शहीद सैनिक विद्यालय नैनीताल के छात्रों ने उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को दर्शाते हुए पारंपरिक छोलिया नृत्य प्रस्तुत किया तथा विद्यालय की छात्राओं ने मधुर कुमाऊंनी गीतों की प्रस्तुति देकर कार्यक्रम में स्थानीय लोक-संस्कृति की छटा बिखेरी।
इस आयोजन को सफल बनाने में एशडेल स्कूल सूखाताल, मोहन लाल साह बालिका विद्या मंदिर तथा सीआरएसटी इंटर कॉलेज का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम में ऑल इंडिया विमेंस कॉन्फ्रेंस नैनीताल शाखा की अध्यक्ष मुन्नी तिवारी, पालिका अध्यक्ष डॉ. सरस्वती खेतवाल, ऑल इंडिया विमेंस कॉन्फ्रेंस भवाली शाखा की अध्यक्ष खष्टी बिष्ट, आशा शर्मा, मीनू बुधलाकोटी, नीलू एलहेंस, प्रोफेसर नीता बोरा शर्मा, गीता पांडे, रेखा पंत, अनीता साह, नंदिनी पंत, रेखा त्रिवेदी, अमिता साह, पार्वती मेहरा, चंचला बिष्ट, दया बिष्ट, डॉ. मनोज बिष्ट, डॉ. मनोज पंत, अधिवक्ता कमल जोशी, कासिम जफरीन, जितेंद्र भट्ट,बीना यादव,गीता तिवारी,गीता बिष्ट,तारा जोशी,नीता भाकुनी, सहित आइटेप, राष्ट्रीय शहीद सैनिक स्कूल, भारतीय शहीद सैनिक स्कूल व विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। संस्था की अध्यक्ष मुन्नी तिवारी ने रैली को सफल बनाने में स्थानीय पुलिस व प्रशासन और होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष दिग्विजय सिंह बिष्ट के प्रति आभार जताया ।
