28 November 2026

एरीज में हिमालयन स्कूल फॉर ट्रेनिंग इन एस्ट्रोनॉमी रिसर्च (HiSTAR-2026) का सफल आयोजन

364461
Advertisement
एरीज में हिमालयन स्कूल फॉर ट्रेनिंग इन एस्ट्रोनॉमी रिसर्च (HiSTAR-2026) का सफल आयोजन

नैनीताल। आर्यभट्ट प्रेक्षण विज्ञान शोध संस्थान (एरीज), नैनीताल में 23 से 27 नवंबर 2026 तक ‘हिमालयन स्कूल फॉर ट्रेनिंग इन एस्ट्रोनॉमी रिसर्च’ (HiSTAR 2026) का आयोजन किया गया। यह पाँच दिवसीय कार्यक्रम विशेष रूप से हिमालयी एवं आसपास के उत्तरी भारतीय क्षेत्रों के शोध छात्रों एवं युवा वैज्ञानिकों को प्रेक्षणात्मक खगोल विज्ञान का प्रशिक्षण देने के लिए आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम में भारत तथा नेपाल के विभिन्न महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों एवं शोध संस्थानों से लगभग 30 प्रतिभागी शामिल हुए।

HiSTAR-2026 में प्रतिभागियों को एरीज तथा आयुका, पुणे के वैज्ञानिकों और शोध छात्रों ने व्याख्यानों, व्यावहारिक प्रशिक्षण सत्रों तथा दूरबीनों से वास्तविक खगोलीय प्रेक्षणों तथा डेटा विश्लेषण पर जानकारी और प्रशिक्षण प्रदान किया । प्रतिभागियों ने एरीज की 1.04 मीटर सम्पूर्णानंद दूरबीन से रात्रिकालीन अवलोकन भी किए। इसके अतिरिक्त, उन्हें देवस्थल वेधशाला के भ्रमण से भारत की सबसे बड़ी प्रकाशीय दूरबीन 3.6 मीटर देवस्थल ऑप्टिकल टेलीस्कोप (DOT), 4 मीटर इंटरनेशनल लिक्विड मिरर टेलीस्कोप (ILMT) तथा 1.3 मीटर देवस्थल फास्ट ऑप्टिकल टेलीस्कोप (DFOT) सहित संस्थान की प्रमुख प्रेक्षण सुविधाओं का परिचय मिला।

इस कार्यक्रम का आयोजन एरीज तथा पुणे स्थित अंतर – विश्वविद्यालय केंद्र: खगोलविज्ञान और खगोलभौतिकी (आयुका) ने संयुक्त रूप से किया। एरीज विज्ञान एवं प्रोद्योगिकी विभाग (DST) के अंतर्गत एक स्वायत्त संस्थान है, जो खगोल विज्ञान एवं खगोल भौतिकी तथा वायुमंडलीय विज्ञान में शोध की विशेषज्ञता रखता है। आयुका विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) के अंतर्गत एक स्वायत्त संस्थान है, जो देश के विश्वविद्यालयों में खगोल विज्ञान एवं खगोल भौतिकी के शिक्षण, शोध तथा क्षमता विकास को प्रोत्साहित करता है। एरीज और आयुका के वैज्ञानिक लंबे समय से खगोल विज्ञान एवं खगोल भौतिकी के क्षेत्र में सहयोग करते रहे हैं। एरीज से डॉ. जीवन पांडेय, डॉ. नीलम पंवार, आयुका से डॉ. अनुपम भारद्वाज तथा हिमाचल प्रदेश केन्द्रीय विश्वविद्यालय से प्रो. हुम चंद इस कार्यक्रम के संयोजक रहे। एरीज के निदेशक डॉ. मनीष कुमार नजा ने प्रतिभागियों को अपनी शुभकामनाएँ देते हुए उन्हें खगोल विज्ञान में शोध के लिए प्रेरित किया।

HiSTAR इस सहयोग को हिमालयी एवं आसपास के क्षेत्रों के युवा शोधकर्ताओं तक पहुँचाने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। ऐसे प्रशिक्षण युवा वैज्ञानिकों को भविष्य में राष्ट्रीय खगोलीय प्रेक्षण सुविधाओं का प्रभावी उपयोग करने तथा नए अनुसंधान कार्यक्रम विकसित करने में सहायता करते हैं। यह पहल देश में प्रेक्षणात्मक खगोल विज्ञान के क्षेत्र में प्रशिक्षित मानव संसाधन विकसित करने और हिमालयी क्षेत्र में खगोलीय अनुसंधान को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।