2 February 2026

भारत का भविष्य कर रहा है प्रकृति से प्रगाढ़ संबंध : भारतीय शहीद सैनिक विद्यालय में ‘गेंठी’ पर हुई कार्यशाला

0
naini-public
pine-crest

नैनीताल। शुक्रवार को भारतीय शहीद सैनिक विद्यालय के प्रांगण में एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसमें विद्यालय के प्राचार्य बी. एस. मेहता ने छात्रों को गेंठी (जिसे अंग्रेज़ी में Air Potato या Aerial Yam कहा जाता है) की कृषि एवं पोषण संबंधी विशेषताओं से अवगत कराया। यह आयोजन न केवल विद्यार्थियों को जैव विविधता की महत्ता समझाने हेतु था, अपितु उनके स्वास्थ्य एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में भी एक प्रेरणादायक पहल सिद्ध हुआ।

श्री मेहता ने गेंठी को “प्राकृतिक पोषण का खजाना” बताते हुए कहा कि यह वनस्पति अनेक औषधीय गुणों से भरपूर है। इसमें पाए जाने वाले डायोसजेनिन, फाइबर, विटामिन B6, पोटैशियम तथा एंटीऑक्सिडेंट्स शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाते हैं। यह पाचन को सुचारु करता है, मधुमेह रोगियों के लिए लाभकारी है, और मस्तिष्क की क्रियाशीलता में भी सहायक होता है।

अपने विशिष्ट भाषण में श्री मेहता ने कहा, “गेंठी केवल एक पौधा नहीं, बल्कि हमारी परंपरा, पोषण और आत्मनिर्भरता का प्रतीक है। हमें आधुनिकता के साथ-साथ अपनी जड़ों से जुड़े रहना होगा। जब छात्र स्वयं पौधे उगाते हैं, तो वे प्रकृति के चक्र को समझते हैं और उसके प्रति संवेदनशील बनते हैं।”
कार्यशाला के दौरान छात्रों को बताया गया कि गेंठी को उगाना अत्यंत सरल है। इसे छायायुक्त स्थान पर आर्द्र मिट्टी में रोपने से यह लता के रूप में विकसित होती है। नियमित जल और थोड़ी देखभाल से यह पौधा कुछ ही महीनों में उपज देने लगता है।
कार्यक्रम के अंत में श्री मेहता ने विद्यार्थियों को गेंठी की गांठें वितरित कीं और आग्रह किया कि वे अपने घरों या विद्यालय में इसे रोपें एवं उसकी देखभाल करें। इससे न केवल वे खेती का व्यवहारिक ज्ञान प्राप्त करेंगे, बल्कि एक स्वस्थ जीवनशैली की ओर भी अग्रसर होंगे।
इस आयोजन ने विद्यालय में पर्यावरणीय चेतना को सशक्त किया है तथा छात्रों में ‘हरित क्रांति’ की चेतना का संचार किया है। विद्यालय परिवार ने श्री मेहता के इस प्रयास की सराहना की और आशा व्यक्त की कि यह पहल भविष्य में बड़े रूप में फलित होगी। विद्यालय के प्रधानाचार्य द्वारा 35 विद्यार्थियों को गेठी के अंकुरित दाने वितरित किए गए
तथा वे सभी विद्यार्थी अपने अपने घरों में एक गमले में या कनस्तर में गेठी लगाएंगे और उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करेंगे ।

kc-chandola
sanjay
amita

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!