कल 7 नवंबर से रुद्रपुर में शुरू होगा राष्ट्रीय कुमाऊनी भाषा का सम्मेलन, सम्मेलन की तैयारी अंतिम चरण पर,तीन दिवसीय कुमांऊनी भाषा का सम्मेलन होगा ऐतिहासिक-डॉ. केसी चंदोला

नैनीताल। रुद्रपुर में आयोजित हो रही राष्ट्रीय कुमाऊँनी भाषा सम्मेलन की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई है।
बता दें कि 7 से 9 नवंबर तक जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान डायट रूद्रपुर में राष्ट्रीय कुमाऊँनी भाषा सम्मेलन होगा। सम्मेलन की तैयारियों को लेकर समिति की बैठक भूरारानी स्थित पैरामाउंट एकेडमी में आयोजित की गई, जिसमें कार्यक्रमों की रूपरेखा और प्रबंधन को अंतिम रूप दिया गया। बैठक में सम्मेलन के मीडिया प्रभारी एवं चंदोला होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज एवं चिकित्सालय के प्रबंधक डॉ. के.सी. चंदौला ने बताया कि राष्ट्रीय कुमाऊनी भाषा संस्कृति का तीन दिवसीय सम्मेलन ऐतिहासिक होगा। जो इतिहास में एक मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने बताया कि सम्मेलन का शुभारंभ पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी करेंगे। डॉ. चंदोला के अनुसार, इस सम्मेलन के आयोजन में कुमाऊँनी समाज की विभिन्न विधाओं साहित्य, संगीत, कला, रंगमंच, और लोकसंस्कृति से जुड़ी प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही कुमाऊँनी भाषा के संरक्षण, संवर्धन और औपचारिक मान्यता की दिशा में सार्थक मंथन किया जाएगा। तीन दिनों तक चलने वाले इस सम्मेलन में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अजय भट्ट, कई विधायक, पूर्व विधायक, और राज्य के प्रतिष्ठित बुद्धिजीवी, साहित्यकार व समाजसेवी भी शिरकत करेंगे। इस दौरान विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएँ तथा लोक कलाकार कुमाऊँनी गीत-संगीत और नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियाँ देंगे। बैठक की अध्यक्षता भरत लाल शाह ने तथा संचालन डॉ. ललित मोहन उप्रेती ने किया। इस अवसर पर आनंद सिंह धामी, लक्ष्मी चंद्र पंत, महेश चंद्र जोशी, बी.डी. भट्ट, नारायण सिंह खोलिया, जनार्दन पांडे, रमेश चंद्र जोशी, कुंदन भंडारी सहित तमाम लोग मौजूद रहे।








