राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद 18 सूत्रीय मांगों को लेकर जिलाधिकारी दफ्तर में आज यानि 7 फरवरी को दिया जाएगा धरना प्रदर्शन

नैनीताल । राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद द्वारा 18 सूत्रीय मांगों के संबंध में चलाए जा रहे आंदोलन के द्वितीय चरण में कल यानि 7 फरवरी को जिलाधिकारी कार्यालय में धरना कार्यक्रम किया जाएगा।
उक्त जानकारी देते हुए परिषद के जिलाध्यक्ष असलम अली ने बताया कि परिषद द्वारा प्रथम चरण के अंतर्गत गेट मीटिंग कार्यक्रम 15 जनवरी से 31 जनवरी तक सफलतापूर्वक चलाया गया। प्रांतीय नेतृत्व द्वारा घोषित कार्यक्रम के अनुसार 7 फरवरी को 11:00 से जिला अधिकारी कार्यालय में धरना प्रदर्शन कार्यक्रम किया जाएगा। धरना प्रदर्शन के पश्चात जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को संबोधित 18 सूत्रीय मांग पत्र प्रेषित किया जाएगा।
परिषद के प्रांतीय वरिष्ठ संरक्षक बहादुर सिंह बिष्ट ने परिषद के सभी घटक संगठनों एवं अन्य राज्य कर्मचारी संगठनों से अनुरोध किया है कि अधिक से अधिक संख्या में धरना प्रदर्शन कार्यक्रम में प्रतिभाग कर अपना योगदान प्रदान करें। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा कर्मचारियों की 18 सूत्रीय मांगों के समर्थन में विगत तीन सप्ताह से चलाए जा रहे आंदोलन के पश्चात भी अभी तक सकारात्मक कदम नहीं उठाया गया है जिससे प्रदेश भर के कर्मचारियों में आक्रोश व्याप्त हो रहा है।









