16 October 2026

शिल्पकार सभा ने कृष्णापुर क्षेत्र के लोगों को दिया समर्थन,

शिल्पकार सभा ने कृष्णापुर क्षेत्र के लोगों को दिया समर्थन,
pine-crest

नैनीताल। शिल्पकार सभा नैनीताल ने कृष्णापुर के क्षेत्र वासियों द्वारा रोड की मांग को लेकर चल रहे धरने पर पहुंच कर अपना समर्थन दिया है। विदित है कि बलियानाला में भूस्खलन होने के कारण कृष्णापुर का संपर्क मार्ग कई वर्षो पूर्व क्षतिग्रस्त हो गया था जिसको लेकर कृष्णापुर वासी कई समय से रोड की मांग कर रहे उनकी मांग को गंभीरता से नहीं लेने के कारण आज उन्हें धरना प्रदर्शन करने को मजबूर होना पड़ा है। कृष्णापुर वासी और विगत 16 दिनों से रोड की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन कर रहे है आज शिल्पकार सभा के पदाधिकारियों ने धरना स्थल में जाकर क्षेत्रवासियों द्वारा चलाए जा रहे धरना प्रदर्शन को अपना पूर्ण नैतिक एवं जनसमर्थन देने की घोषणा की है। सभा ने समर्थन पत्र जारी कर क्षेत्रवासियों की मांगों को न्यायसंगत बताते हुए शासन-प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
सभा ने कहा कि बलियानाला क्षेत्र में लगातार हुए भू-कटाव और भूस्खलन के कारण कृष्णापुर का मुख्य संपर्क मार्ग क्षतिग्रस्त हो गया है। इससे स्थानीय निवासियों को आवागमन में गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।उन्हें नैनीताल आने के लिए लंबी दूरी तय करके आना पड़ रहा है जिससे सर्वाधिक प्रभाव स्कूली बच्चों, बुजुर्गों, मरीजों और अन्य नागरिकों पर पड़ रहा है। सुरक्षित आवागमन के साधनों के अभाव ने उनकी समस्याओं को और गंभीर बना दिया है।
शिल्पकार सभा ने शासन और जिला प्रशासन से आंदोलनरत क्षेत्रवासियों की समस्याओं का तत्काल संज्ञान लेकर उनसे वार्ता करने तथा कृष्णापुर के लिए सुरक्षित और स्थायी संपर्क मार्ग के निर्माण को शीघ्र स्वीकृति प्रदान कर कार्य प्रारंभ कराने की मांग की है।
सभा ने कहा कि सुरक्षित संपर्क मार्ग उपलब्ध कराना क्षेत्रवासियों की मूलभूत आवश्यकता है। जनहित से जुड़े इस महत्वपूर्ण विषय पर प्रशासन को संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि स्थानीय लोगों को लंबे समय से जारी कठिनाइयों से राहत मिल सके।
शिल्पकार सभा, नैनीताल ने आंदोलनरत क्षेत्रवासियों को आश्वस्त किया है कि वह इस जनहितकारी संघर्ष में उनके साथ पूरी प्रतिबद्धता से खड़ी है। सभा ने शासन-प्रशासन से जनसमस्याओं का शीघ्र समाधान कर क्षेत्रवासियों को राहत प्रदान करने की अपील की है। धरना स्थल पर समर्थन पत्र देने वालों में सभा के अध्यक्ष रमेश चंद्रा,वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद,लेखापरीक्षक संजय कुमार मीडिया प्रभारी सुरेश चंद्र शामिल थे।

यह भी पढ़ें…

error: Content is protected !!