तारों के निर्माण में हब-फिलामेंट संरचनाओं पर एरीज मैसूरु में करेगा अंतर्राष्ट्रीय खगोलीय संगोष्ठी का आयोजन

नैनीताल। आर्यभट्ट प्रेक्षण विज्ञान शोध संस्थान (एरीज), द्वारा 30 नवंबर से 4 दिसंबर 2026 तक मैसूरु, कर्नाटक में अंतर्राष्ट्रीय खगोलीय संघ (IAU) की संगोष्ठी 412 – ‘तारों के निर्माण में हब-फिलामेंट संरचनाएँ’ का आयोजन किया जा रहा है। इस अंतर्राष्ट्रीय संगोष्ठी में विश्वभर के खगोलविद एवं शोधकर्ता तारों और तारागुच्छों के निर्माण से संबंधित नवीनतम शोध एवं निष्कर्षों पर चर्चा करेंगे। इसका मुख्य केंद्र तारों के निर्माण में आणविक बादलों के भीतर पाई जाने वाली हब-फिलामेंट संरचनाओं की भूमिका होगी।
तारे आणविक बादल नामक गैस और धूल के विशाल बादलों में गुरुत्वाकर्षण, अशांत प्रवाह एवं चुंबकीय क्षेत्रों जैसी प्रक्रियाओं से बनते हैं। इन बादलों में लंबे तंतुओं जैसी संरचनाओं का जाल होता है। जहाँ अनेक तंतु आपस में मिलते हैं, वहाँ सघन क्षेत्र बनते हैं, जिन्हें ‘हब’ अर्थात केंद्र कहा जाता है। इन्हीं क्षेत्रों में अक्सर विशाल तारों और तारागुच्छों का निर्माण होता है। इन संरचनाओं को सामूहिक रूप से हब-फिलामेंट संरचनाएँ कहा जाता है।
संगोष्ठी में आणविक बादलों की संरचना, चुंबकीय क्षेत्रों, तारों के निर्माण, युवा तारों एवं तारागुच्छों तथा कम और अधिक द्रव्यमान वाले तारों के निर्माण जैसे विषयों पर चर्चा होगी। इसमें अमेरिका, फ्रांस, ब्रिटेन, जापान, ऑस्ट्रेलिया और जर्मनी सहित विभिन्न देशों के दस आमंत्रित विशेषज्ञ भाग लेंगे। व्याख्यानों, शोध प्रस्तुतियों और पोस्टर सत्रों के माध्यम से वैज्ञानिक विचारों एवं अंतर्राष्ट्रीय सहयोग को बढ़ावा दिया जाएगा। इसके बाद इस क्षेत्र में युवा शोध छात्रों के प्रशिक्षण के लिए विशेषज्ञों द्वारा विशेष व्याख्यान श्रृंखला भी आयोजित की जाएगी।
संगोष्ठी की वैज्ञानिक आयोजन समिति के अध्यक्ष पुर्तगाल स्थित यूनिवर्सिटी ऑफ पोर्टो के प्रो. नंदा कुमार तथा सह-अध्यक्ष जापान के क्यूशू विश्वविद्यालय की डॉ. डोरिस अरज़ूमैनियन हैं। स्थानीय आयोजन समिति के अध्यक्ष एरीज के डॉ. सौरभ शर्मा तथा सह-अध्यक्ष भौतिक अनुसंधान प्रयोगशाला, अहमदाबाद के डॉ. लोकेश देवांगन हैं।
एरीज, भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग (DST) के अंतर्गत एक स्वायत्त संस्थान है, जो खगोल विज्ञान एवं खगोल भौतिकी तथा वायुमंडलीय विज्ञान के क्षेत्र में अनुसंधान करता है। संस्थान भारत की सबसे बड़ी प्रकाशीय दूरबीन 3.6 मीटर देवस्थल ऑप्टिकल टेलीस्कोप (DOT) और 4 मीटर इंटरनेशनल लिक्विड मिरर टेलीस्कोप (ILMT) जैसी प्रमुख राष्ट्रीय प्रेक्षण सुविधाओं का संचालन करता है।
IAU संगोष्ठी 412 का आयोजन खगोल विज्ञान एवं खगोल भौतिकी में अंतर्राष्ट्रीय वैज्ञानिक सहयोग को मजबूत करने की दिशा में एरीज का एक महत्वपूर्ण प्रयास है। इससे तारों के निर्माण एवं विकास की प्रक्रियाओं को समझने के लिए नए शोध सहयोग और वैज्ञानिक संवाद को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।
