एलपीएस मॉडल यूनाइटेड नेशंस का द्वितीय संस्करण सफलता पूर्वक सम्पन्न

नैनीताल । लॉन्ग व्यू पब्लिक स्कूल में एलपीएस मॉडल यूनाइटेड नेशंस (LPS MUN 2.0) का द्वितीय संस्करण 11 एवं 12 अप्रैल 2026 को सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। इस दो दिवसीय सम्मेलन में 220 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया, जिनमें ऑल सेंट्स, बिरला, बालिका, सेंट जोसेफ़, लॉन्ग व्यू, औरम, ग्राफिक एरा, टीआईएसए सहित क्षेत्र के विभिन्न प्रतिष्ठित विद्यालयों के विद्यार्थी शामिल हुए। इसके अतिरिक्त आगरा जैसे दूरस्थ क्षेत्रों से भी प्रतिभागियों की उपस्थिति रही।
सम्मेलन में कुल 9 समितियों का गठन किया गया, जिनके लिए देश के विभिन्न भागों से आमंत्रित अनुभवी एक्जीक्यूटिव बोर्ड सदस्यों ने कार्यवाही का संचालन किया। प्रतिभागियों ने विभिन्न अंतरराष्ट्रीय संकटों और समसामयिक वैश्विक मुद्दों पर उत्साहपूर्वक विचार-विमर्श किया तथा अपनी शोध, तार्किक क्षमता और वक्तृत्व कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि ग्रुप कैप्टन अच्युत कुमार रहे, जिन्होंने अपने प्रेरणादायक संबोधन से विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। समारोह का एक प्रमुख आकर्षण विद्यालय का बैंड प्रदर्शन रहा, जिसने पूरे आयोजन में ऊर्जा और गरिमा का संचार किया।
यह दो दिवसीय सम्मेलन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और वैश्विक दृष्टिकोण को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।










