10 September 2026

गोविंद बल्लभ पंत जयंती पर नैनीताल और भवाली में हुए कार्यक्रम,स्कूली बच्चों को किया सम्मानित, सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां

0
pine-crest

भवाली/नैनीताल। भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत की जयंती के अवसर पर नैनीताल विधानसभा क्षेत्र के नैनीताल और भवाली में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों में पंडित गोविंद बल्लभ पंत के व्यक्तित्व एवं महान कार्यों को याद करते हुए उनके योगदान को नमन किया गया।

इस अवसर पर स्कूली बच्चों ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दीं। देशभक्ति एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले स्कूली बच्चों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उत्तराखण्ड के शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने कहा कि पंडित गोविंद बल्लभ पंत ने देश की स्वतंत्रता, लोकतांत्रिक व्यवस्था और समाज के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके आदर्श और विचार आज भी युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणादायी हैं। इस दौरान कार्यक्रम में शामिल सभी गणमान्य लोगों ने 139वीं जयंती के अवसर पर नैनीताल में आयोजित भव्य समारोह में सम्मिलित होकर महान स्वतंत्रता सेनानी एवं राष्ट्रनिर्माता पं. गोविंद बल्लभ पंत जी को श्रद्धापूर्वक नमन किया।

समारोह में मुख्य अतिथि उत्तराखंड सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। पं. गोविंद बल्लभ पंत जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनके राष्ट्र निर्माण, जनसेवा एवं उत्तराखंड के विकास में अतुलनीय योगदान को स्मरण किया गया।

कार्यक्रम में विद्यालयी छात्र-छात्राओं ने बैंड एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से समारोह को विशेष बनाया। साथ ही उपस्थित जनसमुदाय को नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर ‘दूध पियो’ कार्यक्रम का भी शुभारंभ किया गया।

धन सिंह रावत ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि पं. गोविंद बल्लभ पंत जी का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनके आदर्शों पर चलते हुए युवा पीढ़ी को शिक्षा, संस्कार और राष्ट्रसेवा से जोड़ना तथा नैनीताल को नशामुक्त बनाने के लिए सामूहिक प्रयास करना हम सभी की जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम संयोजक पूरन मेहरा , गोपाल रावत , मंडल अध्यक्ष नितिन कार्की , दर्जा राज्य मंत्री शांति मेहरा, दर्जा राज्य मंत्री दिनेश आर्य, ओबीसी मंडल महामंत्री एवं सोशल मीडिया सह- संयोजक गौरव गोस्वामी, महिला आयोग सदस्य विमला अधिकारी , डीएसए महासचिव मनोज जोशी, नगर पालिका अध्यक्ष सरस्वती खेतवाल, पूर्व सांसद डॉ. महेंद्र पाल , पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष श्यामा नारायण सहित अनेक जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता, सामाजिक कार्यकर्ता, विद्यालयी छात्र-छात्राएं एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

इस दौरान हेम आर्या ने कहा कि पं. गोविंद बल्लभ पंत जी के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाना और उनके दिखाए मार्ग पर आगे बढ़ना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि है। उनके जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्र एवं समाज के विकास में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं क्षेत्रवासियों ने सहभागिता की और भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत को श्रद्धांजलि अर्पित की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!