गरीबों की आवाज और न्याय की बुलंद पहचान बनीं नैनीताल की काजल चौधरी, मानवाधिकारों की रक्षा का उठा रही हैं बीड़ा

नैनीताल। महज 26 वर्ष की अल्प आयु में अपने हौसले, संघर्ष और प्रतिभा के दम पर समाज में एक विशिष्ट मुकाम हासिल करने वाली नैनीताल की बेटी काजल चौधरी आज हजारों युवाओं और महिलाओं के लिए प्रेरणास्रोत बन चुकी हैं। समाज सेवा, कानून और साहित्य के क्षेत्र में अपनी अमिट छाप छोड़ने वाली काजल चौधरी को लोग ‘गरीबों की मसीहा’ के रूप में भी जानते हैं। जहाँ शासन-प्रशासन के गलियारों में पीड़ितों की सुनवाई नहीं होती, वहाँ काजल चौधरी ढाल बनकर खड़ी होती हैं और उन्हें न्याय दिलाती हैं।
राष्ट्रीय स्तर की अनुशंसा पर मिली थी बड़ी जिम्मेदारी
गौरतलब है कि वर्ष 2023 में मानव अधिकार आयोग, नई दिल्ली के मुख्य संरक्षक एवं पूर्व राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के अध्यक्ष (पूर्व मुख्य न्यायाधीश) के.जी. बालकृष्णन के आदेशानुसार, राष्ट्रीय महिला आयोग की पूर्व अध्यक्षा ममता शर्मा की सहमति तथा सुप्रीम कोर्ट की पूर्व जस्टिस सुधा मिश्रा की अनुशंसा पर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वर्गीय वी.पी. शर्मा द्वारा काजल चौधरी को मानव अधिकार आयोग का जिला कानून विधि सचिव नियुक्त किया गया था। वर्तमान में वे उत्तराखंड मानव अधिकार आयोग की सदस्य होने के साथ-साथ जिला कारागार नैनीताल में मानव अधिकार विशेषज्ञ के रूप में अपनी सेवाएं दे रही हैं।
बहुमुखी प्रतिभा की धनी और दो बार ‘भारतीय महिला रत्न’ से सम्मानित
काजल चौधरी केवल एक सामाजिक कार्यकर्ता ही नहीं, बल्कि एक प्रखर लेखिका, कवयित्री, कानूनी सलाहकार और स्वतंत्र पत्रकार भी हैं। साहित्य जगत में उनके अब तक लगभग 2,500 से अधिक लेख और रचनाएं देश के प्रतिष्ठित समाचार पत्रों एवं पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुकी हैं। इसके अतिरिक्त, वे 30 से अधिक अंग्रेजी एंथोलॉजी (काव्य-संग्रह) भी लिख चुकी हैं। ग़ज़ल लिखने और गाने का शौक रखने वाली काजल एक स्वतंत्र मॉडल और कलाकार भी हैं। लेखन के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए उन्हें दो बार प्रतिष्ठित ‘भारतीय महिला रत्न सम्मान’ सहित कई अन्य पुरस्कारों से नवाजा जा चुका है। इससे पूर्व वे कई प्रमुख राजनीतिक दलों और संगठनों में मुख्य सलाहकार की भूमिका भी बखूबी निभा चुकी हैं।
भ्रष्टाचार और अन्याय के खिलाफ खुली चेतावनी
अपने कार्यों और उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए काजल चौधरी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि उनका मुख्य लक्ष्य उत्तराखंड मानव अधिकार आयोग के माध्यम से आम जनता को उनके सामाजिक और संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा उनकी आवाज को सीधे शासन-प्रशासन तक पहुँचाना है। उन्होंने कहा, “यदि कोई भी व्यक्ति किसी अन्याय से पीड़ित है और उसे न्याय का कोई रास्ता नजर नहीं आ रहा है, तो वह बेझिझक सीधे मेरे कार्यालय आकर अपनी समस्या रख सकता है। हर पीड़ित को पूरा सहयोग और न्याय दिलाया जाएगा। यदि पुलिस या प्रशासन का कोई अधिकारी भी भ्रष्टाचार या कर्तव्यहीनता में लिप्त पाया जाता है, तो उसके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।”
इन गंभीर मुद्दों पर रहता है विशेष फोकस
काजल चौधरी के नेतृत्व में मानवाधिकारों के हनन से जुड़े अत्यंत संवेदनशील मामलों को प्रमुखता से उठाया जाता है। इनमें मुख्य रूप से निम्नलिखित मुद्दे शामिल हैं:
- महिला उत्पीड़न, बलात्कार और दहेज हत्या के मामले
- पुलिस कार्य में विफलता, एफआईआर (FIR) दर्ज न करना और फर्जी मुठभेड़
- जेलों में कैदियों का उत्पीड़न और झूठे मुकदमों में फंसाना
- बाल श्रम, श्रमिक शोषण और मजदूरी कराकर पैसे न देना
- बिना पूर्व सूचना के नौकरी से निकालना और ठेकेदारी में बेईमानी
- सांप्रदायिक हिंसा, भुखमरी और अन्य गैर-कानूनी गतिविधियां
युवाओं और बेटियों के लिए संदेश
देश की बेटियों को संदेश देते हुए काजल ने कहा कि आज की नारी को निडर होकर आगे बढ़ना चाहिए। अन्याय और गलत के खिलाफ आवाज उठाने से कभी पीछे नहीं हटना चाहिए, तभी हम एक सशक्त समाज के लिए मिसाल कायम कर पाएंगे।
