भीमताल विधानसभा में नशा मुक्त अभियान को लेकर पनेरू का अनोखा संकल्प,गीता का ज्ञान, गंगाजल का संकल्प और हनुमान जी की शक्ति के साथ भीमताल विधानसभा के घर- घर निकल पड़े हरीश पनेरू,

नैनीताल। भीमताल विधानसभा चुनावों से पूर्व राज्य आंदोलनकारी और पूर्व दर्जा मंत्री हरीश पनेरू ने समाज को जागरूक करने और नशा एवं शराब मुक्त भीमताल बनाने के उद्देश्य से एक विशेष अभियान की शुरुआत की है। इस संबंध में उन्होंने हल्द्वानी में आयोजित प्रेस कॉन्फ़्रेंस में अपना विस्तृत एजेंडा प्रस्तुत किया।
हरीश पनेरू ने कहा कि वर्तमान समय में शराब समाज के लिए अभिशाप बन चुकी है। इसके कारण अनेक परिवार प्रभावित हुए हैं और कई माताओं-बहनों का सुहाग उजड़ चुका है। उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि देवभूमि उत्तराखंड, जो देवी-देवताओं की तपोभूमि रही है, वहां बढ़ते नशे के प्रचलन से हमारी संस्कृति और सामाजिक मूल्यों को गंभीर क्षति पहुंच रही है।
अपने अभियान की जानकारी देते हुए पनेरू ने बताया कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक घर तक गंगाजल की बोतल, श्रीमद्भगवद गीता के अंश और हनुमान चालीसा पहुंचाई जाएगी। उनका उद्देश्य धार्मिक और सांस्कृतिक मूल्यों के माध्यम से समाज को जागरूक कर नशामुक्ति की ओर प्रेरित करना है।
उन्होंने आगे कहा कि इस अभियान को सफल बनाने के लिए वे जिलाधिकारी सहित सभी संबंधित अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों—विधायक, सांसद, मंत्री एवं मुख्यमंत्री तक अपनी बात पहुंचाएंगे और व्यापक जनसमर्थन जुटाएंगे।
पनेरू ने आम जनता से भी अपील की कि वे इस पहल में सहयोग करें और एक स्वस्थ, जागरूक एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में भागीदार बनें।
इस दौरान योगी पुरुष बाबा दीन दयाल गिरी जी, बाबा मनमोहन गिरी महाराज, समाज सेवी सुशील भट्ट, तेज सिंह बिष्ट, राज्य आंदोलनकारी पीसी शर्मा, समाजसेवी नारायण सिंह बरगली, नवीन , नरेश और मनोज मौजूद रहे।







