टिफिन टॉप में क्लीन नैनीताल का स्वच्छता अभियान: खराब मौसम के बावजूद निकाला 150 किलो से ज्यादा कचरा

नैनीताल । पर्यटन नगरी नैनीताल के पर्यावरण को स्वच्छ रखने की दिशा में टीम क्लीन नैनीताल ने रविवार को टिफिन टॉप क्षेत्र में एक सघन स्वच्छता अभियान चलाया। मूसलाधार बारिश और रास्तों पर भारी फिसलन के बावजूद स्वयंसेवकों ने अपना अभियान नहीं रोका और इस खूबसूरत वन क्षेत्र से 150 किलो से अधिक कचरा बाहर निकाला।
टीम के सदस्य प्रशांत तिवारी ने बताया कि इस अभियान के दौरान जंगल से प्लास्टिक की बोतलें, शराब की बोतलें, पुराने कपड़े, सैंडल और अन्य प्लास्टिक अपशिष्ट भारी मात्रा में मिले हैं। उन्होंने निराशा व्यक्त करते हुए कहा कि नेचर ट्रेल पर जगह-जगह कूड़ेदान लगे होने के बावजूद लोगों ने पूरे जंगल में कचरा फैलाया हुआ है। उन्होंने पर्यटकों और स्थानीय लोगों से प्रकृति के प्रति संवेदनशील होने और ऐसे एकांत व प्राकृतिक स्थानों पर कूड़ा न फेंकने की अपील की। तिवारी ने जानकारी दी कि नैनीताल में कूड़े की इस समस्या को लेकर टीम जल्द ही विभिन्न संस्थाओं के साथ मिलकर शहर भर में एक व्यापक जन-जागरूकता अभियान भी शुरू करेगी।
रविवार के इस विशेष स्वच्छता अभियान में आशु निगम, निहारिका चौबे, यश गर्ग, मोहित पांडे, कोविद भट्ट, दिवा शाह,, कावेरी मजूमदार, श्रीकांत, दीपक और प्रशांत तिवारी मौजूद रहे और सभी ने इस दुर्गम सफाई कार्य में अपना विशेष श्रमदान दिया।













