रोटरी क्लब नैनीताल ने आयोजित की चैरिटी चेस दौड़, विद्यार्थियों की शिक्षा में मदद के लिए दौड़े 150 प्रतिभागी

नैनीताल । रोटरी क्लब, नैनीताल के तत्वाधान में एक चैरिटी चेस दौड़ का सफल आयोजन किया गया।
प्रातःकाल आयोजित इस दौड़ में नैनीताल क्षेत्र के विभिन्न इंट्रैक्ट क्लब के सदस्यों के साथ-साथ हर उम्र के लगभग 150 धावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य खेल के माध्यम से समाज सेवा का संदेश देना और युवाओं में एकजुटता की भावना को बढ़ावा देना रहा।
इस चैरिटी दौड़ का शुभारंभ माँ नयना देवी मंदिर प्रांगण से हुआ, जहाँ रोटरी क्लब की वर्तमान अध्यक्ष रो. शिवांगी शाह ने हरी झंडी दिखाकर धावकों को रवाना किया। यह दौड़ नयना देवी प्रांगण से शुरू होकर ठंडी सड़क से फांसी गधेरे तक पहुँची और वहाँ से वापस लौटकर पुनः नयना देवी मंदिर के सामने सफलतापूर्वक संपन्न हुई। दौड़ के समापन पर सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए रो. शैलेंद्र साह और रो. विनोद दुआ द्वारा रिफ्रेशमेंट्स वितरित किए गए।
रोटरी क्लब नैनीताल द्वारा इस दौड़ का आयोजन प्रतिवर्ष किया जाता है। इंट्रैक्ट्स की सक्रिय भागीदारी के साथ आयोजित इस दौड़ का मुख्य उद्देश्य चैरिटी के माध्यम से धनराशि एकत्र करना है, ताकि जरूरतमंद संस्थाओं के जरिए विद्यार्थियों की पढ़ाई-लिखाई में मदद की जा सके और उनके लिए आवश्यक शैक्षणिक सामग्री व ब्लैकबोर्ड आदि जुटाए जा सकें।
इस अवसर पर सेंट मैरी कॉन्वेंट, ऑल सेंट्स स्कूल, बालिका विद्या मंदिर, बाल विद्या मंदिर विद्यालय, सेंट जोसेफ कॉलेज और भारतीय शहीद सैनिक विद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं इंट्रैक्ट्स ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम में रोटरी क्लब के सचिव विनोद दुआ, अनीत शाह, योगेश शाह, अरुण कुमार शाह, मीरा स्याल, विक्रम स्याल, काशिफ जाफरी, साक्षी दुआ, ऋषि दुआ, जे.के. शर्मा और पान सिंह उपस्थित रहे। साथ ही बीडी पांडे हॉस्पिटल की डॉक्टर मृदुला, स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी और एम्बुलेंस स्टाफ भी व्यवस्थाओं को सुचारू बनाने के लिए मौजूद रहे।













