10 September 2026

ज्योलीकोट व सरियाताल में जलजनित बीमारी का प्रकोप: पीड़ित परिवारों की मदद को आगे आईं विधायक सरिता आर्या,मुख्यमंत्री से वार्ता कर विधायक सरिता ने शोकाकुल परिवार को एक एक लाख और पीड़ित परिवारों के मरीजों को 50-50 हजार देने की कि मांग

0
pine-crest

नैनीताल। ज्योलीकोट एवं सरियाताल क्षेत्र में दूषित पानी के कारण फैली डायरिया एवं पीलिया की बीमारी से हुई दो जनहानि पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए क्षेत्रीय विधायक सरिता आर्या ने शासन व प्रशासन के स्तर पर राहत, बचाव और चिकित्सकीय व्यवस्थाओं को तेज कर दिया है। शोक संतप्त परिवारों और उपचाराधीन ग्रामीणों को इस कठिन समय में मदद के लिए विधायक ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर हरसंभव मदद की मांग उठाई है। विधायक सरिता ने इस अत्यंत दुखद घड़ी में अपने परिजनों को खोने वाले स्व. रितेश जीना एवं स्व. नीमा जोशी के शोकाकुल परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि पीड़ित परिवारों को साथ 1-1 लाख रुपये तथा विभिन्न अस्पतालों में उपचाराधीन ग्रामीणों के बेहतर इलाज व देखभाल के लिए 50-50 हजार रुपये की तात्कालिक सहायता राशि स्वीकृत करने की मांग की है।
विधायक ने स्पष्ट किया कि यह सहयोग किसी प्रकार का अहसान नहीं, बल्कि अपने क्षेत्रवासियों के प्रति एक जनप्रतिनिधि और सरकार का नैतिक दायित्व, संवेदना और जिम्मेदारी है। इस कठिन समय में पीड़ित परिवारों को यह भरोसा दिलाना आवश्यक है कि पूरा तंत्र उनके साथ मजबूती से खड़ा है।
प्राइवेट अस्पतालों में निःशुल्क मल्टीस्पेशलिटी चिकित्सा शिविरों की पहल
प्रभावित ग्रामीणों को सुलभ और उच्चस्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं देने के लिए विधायक की पहल व शासन के निर्देशों पर क्षेत्रवासियों के इलाज हेतु हल्द्वानी के प्रमुख प्राइवेट अस्पतालों (जैसे नीलकंठ, उजाला सिग्नस, साई, सिटी, और चंदन सुपरस्पेशलिटी अस्पताल) के सहयोग से निःशुल्क मल्टीस्पेशलिटी चिकित्सा शिविर (9 से 15 सितंबर) का आयोजन किया गया है। इन शिविरों में विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम द्वारा संपूर्ण स्वास्थ्य जांच, लैब टेस्ट और आवश्यक दवाएं पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं।
स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के कड़े निर्देश
क्षेत्र में स्थिति को पूरी तरह नियंत्रित करने के लिए विधायक ने स्वास्थ्य विभाग और पेयजल निगम को अलर्ट मोड पर रखा है। प्रभावित क्षेत्रों में घर-घर जाकर मरीजों की स्क्रीनिंग करने, पेयजल स्रोतों का शुद्धिकरण करने और अस्पतालों में बेड व दवाओं की कोई कमी न होने देने के सख्त निर्देश जारी किए गए हैं।
जनस्वास्थ्य पहली प्राथमिकता: विधायक
विधायक सरिता आर्या ने कहा, “क्षेत्रवासियों का स्वास्थ्य और उनकी सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ हर नागरिक के साथ खड़ी है। हमारी कोशिश है कि सरकारी व निजी चिकित्सा तंत्र के माध्यम से प्रत्येक पीड़ित को तुरंत बेहतर इलाज मिले और प्रभावित परिवारों को इस असीम दुख से उबरने में पूरा सहयोग प्राप्त हो।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें…

error: Content is protected !!