Video -124 वां श्री नन्दादेवी महोत्सव का आगाज 16 सितंबर को, श्रीराम सेवक सभा के पदाधिकारियों ने की पत्रकार वार्ता,मेला क्षेत्र में बारिश का पानी जमा होने से एसडीएम खफा, मेला और बाजार क्षेत्र का किया निरीक्षण,

नैनीताल । श्री राम सेवक सभा, नैनीताल द्वारा 8 दिवसीय ‘श्री नन्दा देवी महोत्सव’ के धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रमों को भव्य रूप देने की तैयारी की है।
रामसेवक सभा द्वारा सोमवार को सभा भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में 16 सितंबर से 23 सितंबर तक आयोजित होने वाले विभिन्न धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रमों की रूपरेखा साझा की गई। बताया कि 16 सितंबर को महोत्सव का उद्घाटन होगा और कदली वृक्ष लेने भक्तों का दल मंगोली जाएगा। 17 सितंबर को कदली वृक्ष का सूखाताल व तल्लीताल वैष्णव देवी मंदिर में स्वागत पूजन के पश्चात विशाल जुलूस के साथ कदली वृक्ष का नगर भ्रमण कराया जाएगा। 18 सितंबर को मूर्ति निर्माण शुरू होगा और इसी दिन दोपहर में स्कूली बच्चों की क्विज व लोकगीत प्रतियोगिता होगी। 19 सितंबर (नन्दा अष्टमी) को ब्रह्म मुहूर्त में प्राण-प्रतिष्ठा के साथ श्रद्धालुओं के लिए पूजन शुरू होगा।
महोत्सव के तहत 19 से 22 सितंबर तक प्रतिदिन
सायं 6:30 बजे पंचआरती, प्रसाद वितरण, देवी पूजन, देवी भोग के साथ-साथ राम सेवक सभा प्रांगण और तल्लीताल डांट पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 20 सितंबर (नवमी) को दुर्गा सप्तशती पाठ, हवन और कन्या पूजन होगा, जबकि 21 सितंबर को डी०एस०ए० मैदान में दोपहर 1 बजे से महाभंडारा आयोजित किया जाएगा। 22 सितंबर को सुंदरकांड, नन्दा चालीसा और सायं 7 बजे नैनी झील में दीपदान का आयोजन किया जाएगा। 23 सितंबर को देवी पूजन के बाद दोपहर 12 बजे भव्य डोला नगर भ्रमण पर निकलेगा और सायं ठंडी सड़क में गोलज्यू मंदिर के पास विसर्जन संपन्न होगा। इस वर्ष स्कूली बच्चों की झांकी, छोलिया दलों और स्थानीय कलाकारों के अलावा स्थानीय महिलाओं का ‘झोड़ा’ मुख्य आकर्षण रहेगा।
पत्रकार वार्ता में संस्था के अध्यक्ष मनोज साह, महासचिव जगदीश बावड़ी, उपाध्यक्ष अशोक साह, प्रबंधक विमल चौधरी, कमलेश ढौंडियाल, मोहित साह, देवेंद्र लाल साह, भुवन बिष्ट, भीम सिंह कार्की, प्रो. ललित तिवारी, राजेंद्र लाल साह, आनन्द बिष्ट, हरीश राणा सहित अन्य पदाधिकारी और सदस्य प्रमुख रूप से मौजूद रहे। सभा के पदाधिकारियों ने बताया कि शासन, जिला
प्रशासन, नगर पालिका, मीडिया और आम जनता के सहयोग से इस महोत्सव को भव्य बनाया जाएगा।
दूसरी ओर नंदा देवी महोत्सव के ठीक पूर्व सोमवार को हुई मूसलाधार बारिश के दौरान मेला क्षेत्र में जलभराव ने मेला तैयारियों की पोल खोल दी। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर पानी जमा मिलने पर एसडीएम नवाजिश खलीक ने नाराजगी जताई। उन्होंने ग्रामीण निर्माण विभाग के अधिकारियों को तत्काल मैदान में निर्धारित छह एमएम बजरी डालकर जलभराव की समस्या दूर करने के निर्देश दिए।
एसडीएम ने अधिकारियों के साथ मेला स्थल और नयना देवी मंदिर परिसर का निरीक्षण कर दुकानों, गेट, पंडाल, अस्थायी चौकी समेत अन्य तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं और पर्यटकों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। मेला स्थल पर अधिकांश दुकानों का निर्माण पूरा हो चुका है। मंगलवार शाम तक गेट, दुकान, अस्थायी चौकी समेत अन्य निर्माण कार्य पूरे करने के निर्देश दिए जाएंगे ।
महोत्सव में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी ने पुलिस को मेला स्थल पर सीसीटीवी कैमरे लगाने और पुलिस नियंत्रण कक्ष से लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं।
वहीं बड़ा बाजार क्षेत्र में निर्माण कार्य के लिए की गई खुदाई से लोगों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। आयोजकों ने इसकी जानकारी एसडीएम को दी। इस पर उन्होंने लोनिवि अधिकारियों को मेला शुरू होने से पहले खुदाई वाले हिस्से को भरकर रास्ता सुचारु करने के निर्देश दिए। एसडीएम ने स्पष्ट किया कि महोत्सव के दौरान व्यवस्थाओं में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण में रामसेवक सभा के पदाधिकारी, नगर पालिका के अधिकारी आदि मौजूद रहे।






