नैनीताल से मात्र 20 किलोमीटर दूर यह झरना बन सकता है पर्यटन स्थल,देशी- विदेशी पर्यटक व स्थानीय ग्रामीण झरने में कर रहे हैं स्नान,

नैनीताल। नैनीताल यूं तो नैनीताल जिले में झरनों की कोई कमी नहीं है लेकिन इन सबके बीच इन दिनों जिले के भीमताल ब्लाक में स्थित निगाल झरना एकाएक चर्चा में आ गया है। वर्तमान में तपती गर्मी के बीच वास्तव में देखा जाए तो यह झरना न केवल स्थानीय ग्रामीणों के लिए आकर्षण का केंद्र बना है अपितु देशी-विदेशी पर्यटक भी झरने में स्नान कर पूरा आनंद उठा रहे हैं लेकिन इन सबके बीच खास बात यह है कि यह झरना अभी पर्यटन के नजरिए से विकसित नहीं हो पाया है। जरुरत इस बात की है कि इस खूबसूरत झरने को पर्यटन स्थल के रुप में विकसित किया जाए जिससे यहां पर रोजगार के अवसर भी बढ़ सकें।




बता दें कि नैनीताल जिला मुख्यालय से इस निगाल झरने की दूरी लगभग बीस किलोमीटर है। इस झरने तक दो रास्तों से पहुंचा जा सकता है पहला रास्ता अधौड़ा लिंगाधार के समीप कूण गांव का है क्यों कि कूण गांव में ही यह झरना स्थित है दूसरा रास्ता राजकीय पालीटेक्निक नैनीताल से राणाधार,मल्ला गैरीखेत से लिंगाधार पैदल मार्ग होते हुए आठ किलोमीटर की दूरी तय कर यहां पर पहुंचा जा सकता है।
भाजपा मंडल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह बिष्ट की मानें तो उन्होंने अधौड़ा गांव निवासी भवान सिंह मेहरा तथा अन्य ग्रामीणों के साथ निगाल झरने का मौका मुआयना किया। बिष्ट के मुताबिक चारों ओर से घने जंगल के बीच स्थित यह झरना वास्तव में बेहद ही खूबसूरत है बस जरुरत है तो इसे पर्यटन स्थल के रुप में विकसित किए जाने की। उन्होंने बताया कि कूण
गांव तक जाने के लिए सडक़ भी बनी है। कहा कि पर्यटन विभाग के साथ ही जिला प्रशासन को चाहिए कि वह इस निगाल झरने को प्रमुखता से एक पर्यटन स्थल के रुप में विकसित करे जिससे वहां के स्थानीय लोगों को रोजगार भी मिलेगा साथ ही जिले के पर्यटन मानचित्र में यह झरना अपनी जगह बना पाएगा। बिष्ट के मुताबिक इन दिनों गर्मी अधिक होने से स्थानीय लोगों के साथ ही कई पर्यटक भी यहां पहुंचकर झरने का पूरा आनंद ले रहे हैं।
