28 October 2026

विधायक सुमित हृदेश ने कलसिया, रकसिया और आमपानी नालों के उफान से प्रभावित क्षेत्र का किया दौरा,अधिकारियों के दिए निर्देश

pine-crest


हल्द्वानी। बृहस्पति वार को देर रात हुई बारिश से कलसिया, रकसिया और आमपानी नालों के उफान से प्रभावित क्षेत्रों का शुक्रवार को दौरा विधायक सुमित हृदयेश ने किया। उन्होंने जमरानी कॉलोनी, देवखड़ी, काठगोदाम, बद्रीपुरा, वार्ड न.34, 35, 36, 37 में जलभराव और जानमाल के नुकसान का निरीक्षण किया। स्थानीय लोगों की परेशानियों को देखकर उन्होंने तुरंत संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे नालों की सफाई शीघ्र सुनिश्चित करें, ताकि लोगों को राहत मिल सके।


विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि बरसात से पहले ही सभी विभागों को मिलकर नालों की सफाई करा देनी चाहिए। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार को कलसिया और रकसिया नालों के सुधार के प्रस्ताव पहले ही दिए जा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने सरकार से अपील की कि इन प्रस्तावों को स्वीकार कर नालों पर सुरक्षा दीवार का निर्माण कराया जाए, ताकि जनता को परेशानी का सामना न करना पड़े और जान-माल की हानि न हो।
विधायक सुमित ने स्थानीय लोगों से कहा कि वे किसी भी प्रकार की चिंता न करें और किसी भी परेशानी के लिए उनसे संपर्क करें। इसके बाद वे उस युवक के पिता से मिलने पहुंचे जो नाले में बह गया था और उन्हें सांत्वना देते हुए कहा कि इस दुख की घड़ी में वे उनके साथ हैं।
इस दौरान उनके साथ महेशानन्द, मोहन बिष्ट, मनु गोस्वामी, रमेश पाण्डे, लच्छु, गुरप्रीत सिंह चड्ढा, हरीश बल्यूटिया, कमला सनवाल सहित अन्य स्थानीय लोग मौजूद रहे।

error: Content is protected !!