सेंट जोसेफ्स कॉलेज, नैनीताल के आउटहाउस मार्ग पर सड़क धंसने से बड़ा हादसा होने का बना खतरा

नैनीताल। सेंट जोसेफ्स कॉलेज, नैनीताल के आउटहाउस की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग पर सड़क का एक बड़ा हिस्सा धंस जाने से गहरा गड्ढा बन गया है, जिससे राहगीरों, स्थानीय निवासियों, विद्यालय के कर्मचारियों तथा वाहनों के आवागमन पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है।
यह मार्ग प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों द्वारा उपयोग किया जाता है। सड़क के बीचों-बीच बने इस गहरे गड्ढे के कारण किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। विशेष रूप से रात्रि के समय, वर्षा के दौरान अथवा कम दृश्यता की स्थिति में कोई भी व्यक्ति या वाहन इस गड्ढे की चपेट में आ सकता है। यदि समय रहते इसकी मरम्मत नहीं कराई गई तो किसी की जान भी जा सकती है।



स्थानीय लोगों में इस गंभीर लापरवाही को लेकर भारी रोष है। उनका कहना है कि संबंधित विभाग को इस खतरनाक स्थिति की तत्काल जानकारी लेकर मार्ग को सुरक्षित बनाया जाना चाहिए। केवल चेतावनी पट्ट लगाना पर्याप्त नहीं होगा, बल्कि सड़क की तत्काल मरम्मत कराकर आवागमन को सुरक्षित बनाना आवश्यक है।
जनहित में नगर पालिका परिषद, लोक निर्माण विभाग तथा जिला प्रशासन से मांग की जाती है कि इस गंभीर समस्या का तत्काल संज्ञान लेते हुए सड़क की मरम्मत कराई जाए, क्षेत्र की बैरिकेडिंग की जाए तथा किसी भी संभावित दुर्घटना को रोकने के लिए आवश्यक सुरक्षा उपाय तत्काल सुनिश्चित किए जाएं।
“यदि प्रशासन ने शीघ्र कार्रवाई नहीं की, तो यह गड्ढा किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभागों की होगी।”













