18 July 2026

भीमताल के ऐतिहासिक हरेला मेले को राजकीय मेला घोषित किया जाए: अखिलेश सेमवाल

0
pine-crest Whats-App-Image-2026-06-11-at-2-25-20-PM


भीमताल। भारतीय जनता पार्टी, पर्यटन गतिविधि प्रकोष्ठ, जिला नैनीताल के जिला संयोजक अखिलेश सेमवाल ने उत्तराखंड सरकार से मांग की है कि भीमताल में ब्रिटिश काल से आयोजित होते आ रहे ऐतिहासिक हरेला मेले को राजकीय मेला घोषित किया जाए।
उन्होंने कहा कि हरेला उत्तराखंड की लोक संस्कृति, परंपराओं और प्रकृति संरक्षण का प्रतीक पर्व है। भीमताल का हरेला मेला केवल एक धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि कुमाऊँ की ऐतिहासिक पहचान भी है। इस मेले का स्थानीय लोगों को पूरे वर्ष इंतजार रहता है और मेले के दौरान उत्तराखंड सहित देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में पर्यटक एवं श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं।
अखिलेश सेमवाल ने कहा कि हरेला मेले से स्थानीय व्यापारियों, होटल एवं रेस्टोरेंट व्यवसायियों, हस्तशिल्प से जुड़े लोगों तथा अन्य छोटे कारोबारियों को रोजगार और व्यापार के बेहतर अवसर प्राप्त होते हैं। यदि इस मेले को राजकीय मेले का दर्जा दिया जाता है तो इसकी भव्यता और पहचान में वृद्धि होगी तथा भीमताल को राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर एक नई पहचान मिलेगी।
उन्होंने माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी जी से आग्रह किया कि प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत एवं पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस ऐतिहासिक मेले को राजकीय मेला घोषित करने की कृपा करें। इससे उत्तराखंड की समृद्ध लोक परंपराओं को संरक्षण मिलेगा और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई मजबूती प्राप्त होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!