24 August 2026

नैनीताल में MENU कैम्प के आठवें दिन कैडेट्स ने 27 किमी सेलिंग की पूरी,आईजी कुमाऊँ रेंज निवेदिता कुकरेती ने कैम्प का किया निरीक्षण, महिला कैडेट्स को किया प्रोत्साहित

0
pine-crest Whats-App-Image-2026-06-11-at-2-25-20-PM

नैनीताल। 5 यूके नेवल यूनिट एनसीसी, नैनीताल द्वारा आयोजित
मेनू कैम्प –2026 के आठवें दिन बालिका कैडेट्स ने नैनी झील में 27 किलोमीटर की सेलिंग पूरी की। इसके साथ ही कैम्प के आठ दिनों में कैडेट्स द्वारा अब तक 209.5 किलोमीटर की कुल सेलिंग पूरी की जा चुकी है।
कैम्प में सोमवार को श्रीमती निवेदिता कुकरेती, आईपीएस, आईजी , कुमाऊँ रेंज, नैनीताल ने भ्रमण कर कैडेट्स का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कैम्प की विभिन्न गतिविधियों का अवलोकन किया और कैडेट्स से बातचीत कर उनके प्रशिक्षण एवं अनुभवों की जानकारी ली।
5 यूके नेवल यूनिट एनसीसी के कमांडिंग ऑफिसर कैप्टन मृदुल शाह ने बताया कि आज की सेलिंग में विशेष रूप से बालिका कैडेट्स ने भाग लिया और उन्होंने 27 किलोमीटर की दूरी सफलतापूर्वक पूरी की। उन्होंने कहा कि लगातार चल रहे सेलिंग अभियान के माध्यम से कैडेट्स में साहस, धैर्य, टीमवर्क, अनुशासन और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में निर्णय लेने की क्षमता विकसित हो रही है।
श्रीमती निवेदिता कुकरेती ने विशेष रूप से बालिका कैडेट्स (एसडब्लू) से संवाद किया और उन्हें महिला सशक्तीकरण, आत्मविश्वास तथा नेतृत्व के महत्व के बारे में प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आज की महिलाएँ किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं और युवतियों को अपनी क्षमता पर विश्वास रखते हुए चुनौतियों को अवसर में बदलने का प्रयास करना चाहिए।
उन्होंने कैडेट्स से कहा कि अनुशासन, शिक्षा, आत्मविश्वास और निरंतर प्रयास के माध्यम से वे अपने लिए ही नहीं, बल्कि समाज के लिए भी नेतृत्व की भूमिका निभा सकती हैं। उन्होंने कहा कि एक सशक्त महिला केवल स्वयं आगे नहीं बढ़ती, बल्कि अपने साथ कई अन्य लोगों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है।
उन्होंने बालिका कैडेट्स द्वारा विपरीत परिस्थितियों के बीच 27 किलोमीटर की सेलिंग पूरी करने की सराहना करते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनके साहस, शारीरिक क्षमता, मानसिक दृढ़ता और टीम भावना का प्रमाण है। उन्होंने कैडेट्स को भविष्य में भी इसी आत्मविश्वास और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कैम्प के दौरान कैडेट्स द्वारा लगातार किए जा रहे सेलिंग अभियान, साहसिक गतिविधियों, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता कार्यक्रमों की भी सराहना की गई। अधिकारियों ने कहा कि एनसीसी प्रशिक्षण का उद्देश्य केवल सैन्य अथवा नौसैनिक दक्षता विकसित करना नहीं, बल्कि युवाओं को जिम्मेदार, आत्मनिर्भर और संवेदनशील नागरिक बनाना भी है।
कैम्प की गतिविधियों में चीफ इंस्ट्रक्टर अरविंद कुमार, पेटी ऑफिसर प्रशांत तोमर, चीफ पेटी ऑफिसर विक्रांत सिंह, अमर प्रधान, सनी कुमार, पेटी ऑफिसर दीपक कुमार तथा पेटी ऑफिसर अनूप कुमार सहित एवं कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें…

error: Content is protected !!